अपने उत्पादों की करनी होगी ब्रांडिंग : PM मोदी

     लॉकडाउन 4.0 से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए विशाल राहत पैकेज का ऐलान किया है। 20 लाख करोड़ रुपये के इस पैकेज के साथ पीएम ने आत्मनिर्भर भारत अभियान का आह्वान किया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दावा किया है कि यह दुनिया के सभी देशों में सबसे बड़ा राहत पैकेज है। देखते हैं, दुनिया के दूसरे बड़े देशों ने अपने GDP का कितना हिस्सा कोरोना वायरस से लड़ाई के लिए रिलीफ पैकेज पर खर्च करने का प्लान बनाया है। इसमें यह गौर करने की बात है कि भले कई देशों ने रिलीफ पैकेज अलग-अलग तरीके से जारी किया है जिसमें इंडस्ट्रीज के लिए पैकेज, मजदूरों के लिए आर्थिक मदद और दूसरे खर्चों के आधार पर पैकेज बनाए गए हैं।


नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार रात एक बार फिर देश को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि लॉकडाउन 4 नए रंग रूप वाला होगा। पीएम ने कहा कि इसके बारे में 18 मई से पहले जानकारी दी जाएगी। साथ ही भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री 20 लाख करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज का ऐलान किया। पीएम ने कहा कि कोरोना संकट के इस दौर में लोकल प्रोडक्ट्स ने हमें बचाया। हम सभी भारतीयों को लोकल प्रोडक्ट्स के लिए अब वोकल भी बनना है। 


लोकल के साथ वोकल बनना होगा
पीएम ने कहा कि कोरोना संकट और लॉकडाउन के दौरान लोकल प्रोडक्ट्स ने हमें बचाया। उन्होंने कहा, 'लोकल को हमें अपनाना होगा। लोकल ने ही हमें बचाया है। आज से हर भारतवासी को अपने लोकल उत्पादों के लिए वोकल बनना है। लोकल प्रोडक्टस खरीदने के साथ-साथ उसका गर्व से प्रचार भी करना है। खादी और हैंडलूम को लोगों ने ब्रांड बना दिया। इसे किया जा सकता है।' पीएम ने कहा कि आज जो ग्लोबल प्रोडक्टस हैं वे भी कभी लोकल थे लेकिन लोगों ने उसका प्रचार और इस्तेमाल किया। फिर इसके बाद ये प्रोडक्ट्स लोकल से ग्लोबल बन गए।


नए रंग रूप वाला होगा लॉकडाउन-4
प्रधानमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन का चौथा चरण पूरी तरह नए रंग रूप वाला होगा। यह नए नियमों वाला होगा। राज्यों से जो सुझाव मिल रहे हैं उनके आधार पर लॉकडाउन-4 की जानकारी 18 मई से पहले दी जाएगी। नियमों को पालन करते हुए हम कोरोना से लड़ेंगे भी और आगे भी बढ़ेंगे। हम दूरी का पालन करेंगे लेकिन अपने लक्ष्यों को दूर नहीं होने देंगे।  


पीएम ने कहा कि हमें नई प्राण शक्ति और नई संकल्प शक्ति को लेकर आगे बढ़ना है। हम भारत को आत्मनिर्भर भारत बना सकते है। उन्होंने कहा, 'हम भारत को आत्मनिर्भर बनाकर रहेंगे।' 


आज दुनिया भारत की तरफ देख रही है
संकट के समय दुनिया में भारत के बढ़ते कद के बारे में पीएम ने कहा, ' आज दुनिया भारत की तरफ देख रही है। ग्लोबल वार्मिंग पर पहल दुनिया को भारत ने सौगात दिया है। योग दिवस दुनिया को भारत का उपहार है। जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रही दुनिया के लिए भारत की दवाइयां एक उम्मीद की किरण लेकर आई हैं। इससे भारत की दुनिया में प्रशंसा हो रही है। दुनिया को विश्वास होने लगा है कि मानव कल्याण के लिए बहुत कुछ अच्छा भारत दे सकता है।