गृहमंत्री अमित शाह व किरण बेदी के सुझाव पर यूपी पुलिस ने शुरू किया काम, 'बीट सिस्टम' होगा मजबूत

लखनऊ  
राजधानी में हुई पुलिस सांइस कांग्रेस के दौरान गृहमंत्री अमित शाह और पुडुचेरी की उप राज्यपाल किरण बेदी ने बीट सिस्टम को मजबूत करने का सुझाव दिया था। यूपी पुलिस ने इस दिशा में कवायद शुरू कर दी है। डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि फिलहाल बीट इंचार्ज को सीयूजी नंबर देने का निर्णय किया गया है ताकि क्षेत्र के लोगों को संपर्क करने में आसानी हो।


डीजीपी ने शनिवार को एडीजी कानून-व्यवस्था पीवी रामाशास्त्री, एडीजी मुख्यालय बीपी जोगदंड, एडीजी क्राइम केएस प्रताप कुमार और आईजी कानून-व्यवस्था प्रवीण कुमार के साथ गहन चर्चा की। इसमें मुख्य रूप से बीट सिस्टम को मजबूत करने पर फोकस रहा। चंडीगढ़ में लागू 'ई-बीट कांसेप्ट' का भी परीक्षण कराया जा रहा है।


जल्द ही डीजीपी के सामने चंडीगढ़ मॉडल का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। गृहमंत्री ने चंडीगढ़ मॉडल के अध्ययन की बात भी कही थी। डीजीपी ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों में बीट सिस्टम को लेकर जारी सर्कुलर भी निकलवा रहे हैं, ताकि उसमें अधिक से अधिक सुधार किया जा सके।


सूत्रों का कहना है कि बीट के सिपाहियों की जिम्मेदारियां और अधिकार दोनों बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित बीट क्षेत्र के किसी भी मामले में बीट इंचार्ज की राय जरूरी होगी। साथ ही पासपोर्ट और शस्त्र लाइसेंस का सत्यापन भी बीट का दरोगा या सिपाही करेगा।
*क्या है चंडीगढ़ का ई-बीट कांसेप्ट*


चंडीगढ़ में बीट सिस्टम को मजबूत करने के लिए ई-बीट सिस्टम शुरू किया गया है। यह सिस्टम पूरी तरह से एप और वेबसाइट आधारित है। इसके जरिए थाने से लेकर एसएसपी स्तर तक बीट के सिपाही की रियल टाइम लोकेशन जानी जा सकती है।


*चंडीगढ़ मॉडल में इन छह बिंदुओं पर फोकस*  
*सिटीजन सर्विस डिलीवरी :* किराएदार, नौकर, एम्पलाई, चरित्र प्रमाण पत्र, वरिष्ठ नागरिक पंजीकरण, स्थानीय समस्याएं और अपने थाने को जानें।
*डाटाबैंक सर्विस :* महत्वपूर्ण स्थान, धार्मिक स्थान, प्रमुख नागरिक, कल्याणकारी संघ, वाइटल इंस्टालेशन, आर्म डीलर, स्कूल और संस्थान।
*बाइक पेट्रोलिंग :* बीट वाइज बाइक पेट्रोल मॉनिटरिंग, 100 नंबर कॉल और क्राइम मैप का विश्लेषण।
*क्षेत्र में उपस्थिति :*  बीट बॉक्स, फेसियल अटेंडेंस, रियल टाइम लोकेशन, 100 नंबर कॉल रिस्पांस।
*रेगुलर चेकिंग :* अराजक तत्व, गार्ड, पब्लिक सर्विस व्हीकल, स्क्रैप डीलर, पार्किंग, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और विदेशी नागरिक।
*इंटीग्रेशन :* निरोधात्मक कार्रवाई, अनजान लोगों के बारे में जानकारी।