कार्यकर्ता पार्टी द्वारा दिए गये कार्यों को समर्पित भाव से पूरा-स्वतंत्रदेव सिंह

 


लखनऊ 21 नवम्बर 2019, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज लखीमपुर खीरी के भाजपा जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सबको नेता बनना है तो अपने गांव, मुहल्ले, नगर में जाकर सभी से संपर्क करिए। आम जनता के बीच बैठकर उनके साथ भोजन करिए। पार्टी द्वारा दिए गये कार्यों को समर्पित भाव से पूरा करिए। उन्होंने मण्डल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि आप के दम पर ही पार्टी 2022 का चुनाव जीतेगी।
श्री सिंह ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि मानकर काम करने वाली पार्टी है। भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। हमारे पास मोदी जी एवं योगी जी जैसा नेतृत्व है जो परिवारवाद से ऊपर उठकर देश व प्रदेश की जनता को ही अपना परिवार मानते हुए भारत को विश्व मानचित्र पर एक महाशक्ति के रूप में खड़ा करने के लिए काम कर रहे है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं गृहमंत्री अमित शाह जी के अदम्य साहस और दृढ़ राजनीतिक इच्छा शक्ति ने अनुच्छेद 370 व 35ए को समाप्त करके वह कर दिखाया जिसकी इस देश को पिछले 70 वर्षो से अपेक्षा थी। मोदी जी और योगी जी की सरकारें जनकल्याण के कार्यो से आमजन के चेहरे पर मुस्कुराहट लाने का काम कर रही है। हमें उन योजनाओं की जानकारी लेकर गांव, गरीब, किसान तक पहुंचाना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा अनवरत जनसंवाद व मोदी-योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ ही संगठन के कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से जुड़ी रहती है और यह सब आप सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही संभव होता है। श्री सिंह ने कहा कि मुँह में शक्कर, पैर में चक्कर, सर पर बर्फ और सीने में आग के साथ ही भाजपा कार्यकर्ता बनता है।