बीजेपी ने कहा- शिवसेना ने किया जनादेश का अनादर, महाराष्ट्र में अकेले सरकार नहीं बना सकते


महाराष्ट्र, 10 नवंबर (एएनएस)। महाराष्ट्र में सियासी लड़ाई पल-पल नया रंग ले रही है। आज भाजपा ने साफ कर दिया कि महाराष्ट्र में पार्टी सरकार नहीं बनाएगी। राज्य में शिवसेना पर हमलावर भाजपा ने कहा कि अकेले सरकार नहीं बना सकते। महाराष्ट्र के भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने आज राज्यपाल कोश्यारी से मुलाकात के बाद प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने भाजपा-शिवसेना गठबंधन पर भरोसा जताते हुए जनादेश दिया है। लेकिन शिवसेना ने महाराष्ट्र की जनता के दिए जनादेश का अनादर किया है।


भाजपा नेताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ लंबी बैठक के बाद आज रविवार की शाम राज्यपाल से मुलाकात की। राज्यपाल के साथ कुछ देर चली बैठक के बाद भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि शिवसेना ने जनादेश का अपमान किया है। हम सरकार बनाने की स्थिति में नहीं हैं। सेना चाहे तो कांग्रेस और एनसीपी के साथ सरकार बना सकती है।
चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा-शिवसेना ने एक साथ चुनाव लड़ा था। राज्य की जनता ने भाजपा-शिवसेना गठबंधन को अच्छा जनादेश दिया। यह जनादेश सरकार बनाने के लिए काफी था। कल राज्यपाल ने सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते हमें सरकार बनाने का न्योता दिया। लेकिन जनादेश का अनादर करते हुए शिवसेना ने साथ मिलकर सरकार बनाने से इंकार कर दिया।