ट्रक ने डायल 100 की जीप में मारी टक्कर, तीन की मौत

                                                                        
 चित्रकूट, 01 सितंबर (एएनएस)। जिले के राजापुर थाना क्षेत्र के महुआगांव के समीप कमासिन-राजापुर मुख्य मार्ग में शनिवार की देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने डायल 100 की जीप में जोरदार मार दी जिसके चलते जीप के परखचे उड़ गए।इस दौरान  हादसे में एक सिपाही, होमगार्ड व एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दीवान व एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। दीवान को प्रयागराज व ग्रामीण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलते ही एसपी मनोज कुमार झा व एएसपी बलवंत चौधरी मौके पर पहुंचे। 


डायल 100 में तैनात दीवान सफीक अहमद, सिपाही हिरेश पाल, होमगार्ड ज्ञान सिंह शनिवार की देर शाम बरद्वारा गए हुए थे। सभी लोग देर रात राजापुर की तरफ लौटे। रास्ते में महुआगांव के समीप जीप का पहिया पंचर हो गया। इसी दौरान ट्रैक्टर से अपने गांव चांदी जा रहे रामसलोने व अशोक को डायल 100 के सिपाहियों ने रोक लिया। इनसे पंचर पहिया को खोलने में मदद मांगी। यह दोनों पहिया खोलने लगे। इसी दौरान राजापुर की तरफ आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जीप में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे से चीख पुकार मच गई। कुछ ही देर में सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। सभी घायलों को सीएचसी राजापुर लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने सिपाही हिरेश पाल व ग्रामीण अशोक को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल दीवान सफीक अहमद व होमगार्ड ज्ञान सिंह को प्रयागराज ले जाया गया। एक अन्य घायल ग्रामीण रामसलोने को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल भेजा। प्रयागराज में इलाज के दौरान होमगार्ड ज्ञान सिंह ने भी दम तोड़ दिया। जबकि दीवान का इलाज चल रहा है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।