पाक सेना ने अब तक दो लाख मह‍िलाओं का क‍िया बलात्‍कार-तसलीमा नसरीन


बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन ने पाकिस्तानी सेना की आलोचना की है। तसलीमा ने अपने ट्विटर पोस्ट में पाकिस्तानी सेना की क्रूरता के बारे में लिखा। उन्होंने पूर्वी पाकिस्तान (मौजूदा बांग्लादेश) में पाकिस्तानी सेना की ज्यादतियों के बारे बताते हुए लिखा कि किस तरह पाकिस्तानी सेना ने वहां 2 लाख महिलाओं के साथ रेप किया।


उन्होंने पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा 30 लाख लोगों की हत्या की बात भी कही। तस्लीमा ने लिखा कि पाकिस्तानी सेना ने उन लोगों के घरों में लूटपाट की। उनके पिता की जान ले ली। बांग्लादेशी लेखिका पूर्वी पाकिस्तान के बांग्लादेश बनने के दौरान पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए नरसंहार का जिक्र कर रही थीं।


तसलीमा ने अपने ट्वीट में अरुंधति रॉय पर भी निशाना साधा। तसलीमा ने अरुंधति रॉय के उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने पाकिस्तानी सेना की तारीफ की थी। उस बयान में अरुंधति रॉय ने भारतीय सेना के खिलाफ भी टिप्पणी की थी। अरुंधति रॉय ने साल 2011 में अपने एक बयान में कहा था कि कश्मीर, मणिपुर, मिजोरम और नगालैंड जैसे राज्यों में हम जंग लड़ रहे हैं।


अरुंधति ने कहा था कि 1947 से ही हम कश्मीर, तेलंगाना, गोवा, पंजाब, मणिपुर, नगालैंड में लड़ रहे हैं। भारत एक ऐसा देश है, जिसने अपनी सेना अपने ही लोगों के खिलाफ तैनात की। अरुंधति ने कहा था कि पाकिस्तान ने भी कभी इस तरह से सेना को अपने ही लोगों के खिलाफ नहीं लगाया।


पाकिस्तानी सेना के बयान के लिए ही तसलीमा ने अरुधंति की आलोचना की। तसलीमा ने कहा कि वह साल 2011 में विचारहीन हो गई थीं। हालांकि, सोशल मीडिया पर 8 साल पुराना वीडियो वायरल होने और लोगों की आलोचनाओं के बाद अरुंधति रॉय ने माफी मांग ली।


अरुंधति ने कहा कि हम सभी जीवन में किसी पल में गलती से मूर्खतापूर्ण टिप्पणी कर देते हैं। यह छोटी सी विडियो मेरे पूरे विचार को नहीं बताती और इससे उसका पता नहीं चलता, जो मैंने सालों तक लिखा है। उन्होंने कहा कि यदि मेरे बयान के किसी भी हिस्से से किसी भी तरह का भ्रम हुआ हो तो मैं इसके लिए माफी मांगती हूं।