जेसीज से ओलंदगंज की सड़क गर 13 लोगों ने किया कब्जा


       जौनपुर। शहर में जेसीज से ओलंदगंज के बीच अक्सर जाम लगता है। शहर की इस मुख्य सड़क को जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने उसे चौड़ी करने की कवायद शुरू कर दी है।
    इस दौरान 13 ऐसी जगहों को चिह्नित किया गया है, जहां लोगों ने सड़क पर कब्जा कर रखा है। कब्जा करने वालों में कुछ होटल वाले भी शामिल हैं। प्रशासन ने इन्हें नोटिस देकर अतिक्रमण हटवाने की तैयारी में है।
     ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का कहना है कि नोटिस के बाद इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
       जेसीज से ओलंदगंज की सड़क शहर की मुख्य सड़क है। इस पर सबसे ज्यादा वाहनों की आवाजाही होती है। इसके चलते अक्सर जाम लग जाता है। 
    प्रशासन ने सड़क का सर्वेक्षण कराया तो पता चला कि कहीं सड़क अस्सी फुट की है तो कहीं सिमट कर महज साठ फुट चौड़ी ही रह गई है।
    कुछ प्रभावशाली लोगों ने बहुमंजिली इमारत का हिस्सा तो सड़क पर बनाया ही है, सीढ़ियां सड़क पर बनवा रखी हैं।
    कुछ होटलों ने सड़क पर ही जनरेटर रख कर सड़क पर कब्जा कर लिया है। 
   तमाम व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास पार्किंग की जगह नहीं है। जब दुकानें खुलती हैं तो लोग आधी सड़क तक पार्किंग करते हैं। गाड़ियां सड़कों के किनारे खड़ी होने के कारण जाम लगता है। स्कूली बसों के जाम में फंसने के कारण छात्र घंटों परेशान रहते हैं।