पति की बाइक से जा रही थी ससुराल, जैसे ही प्रेमी का घर दिखा कूदकर भाग गई

 


उत्तर प्रदेश के अलीगढ से पति पत्नी की एक दिलचस्प कहानी सामने आई है। यहां पति (अलीगढ) से पत्नी को लेने आया था। पत्नी बाइक पर बैठकर वापस ससुराल जा रही थी। रास्ते में प्रेमी का घर पड़ा। वह बाइक से कूदकर प्रेमी के घर में घुस गई। हद तो तब हो गई जब उसने पति से कह दिया कि उसे भूल जाए। वह प्रेमी के साथ रहेगी। वहीं दूसरी तरफ यह देख प्रेमी की पत्नी के होश उड़ गए। देर रात तक थाने पर ड्रामा चला।


मामला संजीव नगर, फाउंड्री नगर का है। वीरेंद्र प्रजापति के अपने मोहल्ले में रहने वाली एक युवती से प्रेम संबंध थे। संयोग से यह प्रेम कहानी शादी के बंधन तक नहीं पहुंची। वीरेंद्र की शादी दूसरी जगह हो गई। घरवालों ने युवती की शादी इगलास में कर दी। युवती जब भी मायके आती अपने प्रेमी से मिलती थी। वीरेंद्र भी उससे मिलने उसकी ससुराल पहुंच जाता था। पिछले दो साल से यह सिलसिला चल रहा था। वीरेंद्र की पत्नी ने दोनों की बातचीत सुन ली। उसने पिछले दिनों हंगामा किया। वीरेंद्र के घर कई दिनों से रार चल रही थी। युवती अपने मायके आई हुई थी। बुधवार को पति उसे लेने आया था। रास्ते में वीरेंद्र की मोबाइल की दुकान दिखी। युवती बाइक से कूद गई। पहले दुकान पर गई। वहां वीरेंद्र नहीं दिखा तो सीधे उसके घर पहुंच गई।


जानकारी पर युवती के परिजन आ गए। उन्होंने बेटी को समझाने का प्रयास किया। वह कुछ सुनने को तैयार नहीं थी। साफ बोल रही थी कि अब यहीं रहेगी। वीरेंद्र भी उसके हाथ जोड़ रहा था। उसे समझाने का प्रयास कर रहा था। हंगामा बढ़ा तो भीड़ जमा हो गई। मामला चौकी तक पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। जब बात नहीं बनी तो दोनों पक्ष थाने भेज दिए। थाने पर भी घंटों पंचायत चली।