लोकसभा चुनाव :5th Phase जानें, कहां युवक ने तोड़ी EVM मशीन,कहां पूरा हो जाएगा चुनाव

लोकसभा चुनाव :5th Phase जानें, कहां युवक ने तोड़ी EVM मशीन,कहां पूरा हो जाएगा चुनाव


17वें लोकसभा चुनाव के लिए पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। इस चरण में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए प्रमुख सोनिया गांधी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी, अर्जुनराम मेघवाल, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ समेत कई दिग्गज नेता अपनी चुनावी किस्मत आजामाएंगे। इस चरण में 674 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके साथ ही लोकसभा की 425 सीटों के लिए चुनाव पूरा हो जाएगा और शेष दो चरणों में 118 सीटों के लिए मतदान बाकी रह जाएगा। इस तरह 17वें लोकसभा चुनाव का तीन चौथाई से अधिक सफर पूरा हो जाएगा।


- बिहार की सारण लोकसभा सीट की सोनपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय महदलिचक बूथ संख्या 131 पर एक युवक ने ईवीएम को तोड़ डाला। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है और इसके बाद दूसरी ईवीएम लाकर पुनः मतदान शुरू हुआ।



- उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मतदान की शुरुआत होते ही शहरी इलाके से लेकर गांवों के बूथों में मतदाताओं की लाइन लग गई। कर्वी के सीआईसी इंटर कालेज के बूथों में पहले मतदान करने वाले मतदाता को प्रमाण पत्र दिए गए। मानिकपुर में भी युवाओं व महिला मतदाताओं में मतदान के प्रति उत्साह दिखा।


 


- मऊ तहसील क्षेत्र के छिवली गांव में समय से मतदान शुरू नहीं हो पाया। मानिकपुर विधानसभा के बूथ नंबर 352 पूर्व माध्यमिक विद्यालय डोंडामाफी में ईवीएम की खराबी के कारण मतदान समय से शुरू नहीं हो पाया। करीब साढ़े सात बजे जानकारी मिलने पर सेक्टर मजिस्टे्रट पहुंचे।


- रायबरेली लोकसभा सीट: पहली बार मतदान करने पहुंची लालगंज कस्बे की चिक मंडी निवासिनी पिंकी व रिंकी निर्मल दो सगी बहने हैं जिन्होंने पहली बार मतदान किया है। दोनों बहनों ने अपना पहला मतदान राष्ट्रवाद विकास को लेकर मतदान किया है। पिंकी-निर्मल ने कहा कि मेरा पहला मतदान देश को सशक्त बनाने वाली और विकास करने वाली पार्टी को मतदान किया है।


 


- सात राज्यों की 51 सीटों पर मतदान शुरू


- मतदान सात बजे से शुरू होगी लेकिन यूपी के अयोध्या के एक पोलिंग स्टेशन पर वोट डालने के लिए लगी लोगों की लाइन


 



- कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से मैदान में हैं, जिनका मुकाबला सीधे केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी से है। लखनऊ से गृह मंत्री राजनाथ सिंह का मुकाबला सपा की पूनम सिन्हा से होना है। चर्चित रायबरेली सीट से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ भाजपा ने दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दिया है।


- राजस्थान में केंद्रीय मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ भाजपा के टिकट पर और चक्का फेंक (डिस्कस थ्रो) में 2010 राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कृष्णा पुनिया जयपुर ग्रामीण से अपनी चुनावी किस्मत आजमा रही हैं। पुनिया सादुलपुर सीट से विधायक हैं। केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा झारखंड की हजारीबाग सीट से, पूर्व मुख्यमंत्री अजुर्न मुंडा खूंटी सीट से, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी बिहार की सारण सीट से और मौजूदा सांसद प्रह्लाद पटेल मध्य प्रदेश की दामोह सीट से भाजपा के टिकट पर खड़े हैं। पश्चिम बंगाल की बैरकपुर सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी और श्रीरामपुर सीट से कल्याण बनर्जी तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं।


- अनंतनाग का मतदान हो जाएगा पूरा
जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग समेत दो सीटों के लिए मतदान होना है। इसके साथ ही अनंतनाग सीट पर मतदान पूरा हो जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर इस सीट पर तीन चरणों में चुनाव हो रहे हैं। पांचवें चरण में जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में भी मतदान पूरा हो जाएगा।


- आगे क्या: दो चरणों की 118 सीटें रह जाएंगी


पांचवें चरण की समाप्ति के साथ ही 425 सीटों के लिए मतदान हो जाएगा।
शेष दो चरणों में 118 सीटों के लिए मतदान शेष रह जाएगा।
इस तरह 17वें लोकसभा चुनाव का तीन चौथाई से अधिक सफर पूरा हो जाएगा।
- पांचवां चरण


मतदान केंद्र : 96088
कुल मतदाता : 8,75,88,722
पुरुष : 4,63,03342
महिला : 4,12,83,166
थर्ड जेंडर :2,214
- इन सीटों पर है चुनाव


उत्तर प्रदेश (14 सीटें) : अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, धौरहरा, सीतापुर, मोहनलाल गंज, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी, बाराबंकी, फैजाबाद, बहराइच, कैसरगंज और गोंडा
राजस्थान (12 सीटें) : श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर (ग्रामीण), जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर।
मध्य प्रदेश (07 सीटें) : टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद और बैतूल
पश्चिम बंगाल (07 सीटें) : बनगांव, बैरकपुर, हावड़ा, उलुबेरिया, श्रीरामपुर, हुगली, आरामबाग
बिहार (05 सीटें) : सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर
झारखंड (04 सीटें) : कोडरमा, रांची, खूंटी और हजारीबाग
जम्मू-कश्मीर (02 सीटें) : लद्दाख, अनंतनाग
- दिग्गजों में मुकाबला


लोकसभा सीट प्रत्याशी मुकाबला
अमेठी राहुल गांधी (कांग्रेस) स्मृति ईरानी (भाजपा)
रायबरेली सोनिया गांधी (कांग्रेस) दिनेश प्रताप सिंह (भाजपा)
लखनऊ राजनाथ सिंह (भाजपा) पूनम सिन्हा (सपा)
धौरहरा जितिन प्रसाद (कांग्रेस) रेखा वर्मा (भाजपा)
फैजाबाद निर्मल खत्री (कांग्रेस) लल्लू सिंह (भाजपा)
हाजीपुर पशुपति कुमार पारस (लोजपा) शिवचंद्र राम (राजद)
सारण राजीव प्रताप रूडी (भाजपा) चंद्रिका राय (राजद)
हजारीबाग जयंत सिन्हा (भाजपा) गोपाल साहू (कांग्रेस)
खूंटी अर्जुन मुंडा (भाजपा) कालीचरण मुंडा (कांग्रेस)
रांची सुबोधकांत सहाय (कांग्रेस) संजय सेठ (भाजपा)
कोडरमा बाबूलाल मरांडी (झाविमो) अन्नपूर्णा यादव(भाजपा)
बीकानेर अर्जुनराम मेघवाल (भाजपा) मदनगोपाल मेघवाल (कांग्रेस)
जयपुर ग्रामीण राज्यवर्धन सिंह राठौड़ (भाजपा) कृष्णा पूनिया (कांग्रेस)
बैरकपुर दिनेश त्रिवेदी (तृणमूल) अर्जुन सिंह (भाजपा)
उलुबेरिया जॉय मुखर्जी(भाजपा) सजदा अहमद (तृणमूल)
हावड़ा प्रसून बनर्जी (तृणमूल) रंतिदेव सेनगुप्ता(भाजपा)
टीकमगढ़ वीरेंद्र कुमार खटीक (भाजपा) किरण अहिरवार (कांग्रेस)
दमोह प्रहलाद पटेल (भाजपा) प्रताप सिंह लोधी (कांग्रेस)
अनंतनाग महबूबा मुफ्ती(पीडीपी) गुलाम अहमद मीर(कांग्रेस)
उत्तर प्रदेश: अमेठी में रोचक मुकाबला
इस चरण में सबसे दिलचस्प मुकाबला अमेठी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बीच होगा। पिछले आम चुनाव में भी यह मुकाबला रोचक हो गया था। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन ने कांग्रेस के समर्थन में अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। पांचवें चरण में करीब दो करोड़ 47 लाख मतदाता कुल 182 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर सकेंगे। वर्ष 2014 के पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इन 14 में से 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। बाकी बची अमेठी और रायबरेली सीटें कांग्रेस के खाते में गई थीं।


झारखंड: दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के भाग्य का फैसला
राजधानी रांची समेत चार सीटों के लिए 61 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। इसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, केन्द्रीय मंत्री जयंत सिन्हा के भाग्य का फैसला होगा। रांची में भाजपा ने अपने पांच बार के सांसद रामटहल चौधरी का टिकट अंतिम क्षणों में काट दिया। नाराज चौधरी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। जाति से महतो रामटहल इस क्षेत्र से लगभग तीन लाख महतो मतदाताओं को प्रभावित कर सकते हैं।


बिहार: लालू, रामविलास, हुकुमदेव की साख दांव पर
इस चरण में पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान और हुकुमदेव नारायण की प्रतिष्ठा दांव पर है। मधुबनी से पूर्व केंद्रीय मंत्री हुकुमदेव के पुत्र अशोक यादव, हाजीपुर से रामविलास के भाई पशुपति पारस और सारण से लालू के समधी चंद्रिका राय मैदान में है। इनमें से सबसे दिलचस्प मुकाबला सारण में होगा जहां चंद्रिका राय का खुद उनके दामाद तेजप्रताप विरोध कर रहे हैं।


मध्यप्रदेश: भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर
सात सीटों के अलावा सीधी संसदीय क्षेत्र के मतदान केंद्र 195-डेम्हा में पुनर्मतदान होगा। इस चरण में 1.19 करोड़ मतदाता वोट कर 110 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। वर्ष 2014 में इन सभी सातों सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया था। इन सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा एवं कांग्रेस के बीच है।


राजस्थान: जयपुर ग्रामीण में ओलंपियन में होगी भिड़ंत
जयपुर ग्रामीण सीट पर दो पूर्व ओलंपिक खिलाड़ी राज्यवर्धन सिंह राठौर और कृष्णा पूनिया सहित 134 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। इस चरण में 16 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। 25 सीटों में से 13 पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। इस चरण में 12 में से आधा दर्जन सीटें जाट बहुल है। बीकानेर, दौसा, अलवर सीट पर दिलचस्प मुकाबला होगा।


पश्चिम बंगाल: 83 की चुनावी किस्मत का फैसला होगा
पश्चिम बंगाल की तीन जिलों में फैली लोकसभा की सात सीटों पर सोमवार को पांचवें चरण के चुनाव में मतदान होंगे। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस, भाजपा, कांग्रेस एवं वाम मोर्चे का घटक दल माकपा इन सातों सीट के मुख्य दावेदारों में शामिल हैं। इन सीटों पर 83 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा।


जम्मू-कश्मीर: भाजपा के लिए लद्दाख सीट बचाने की चुनौती
पिछली बार महज 36 वोट से लद्दाख सीट पर कब्जा जमाने वाली भाजपा के लिए इस बार जीत दर्ज करने की चुनौती है। कांग्रेस भी इस सीट पर जोर लगा रही है। 2014 में जीतने वाले भाजपा के थुपस्तांग छिवांग कुछ महीने पहले ही पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं। इस बार भाजपा ने जामियांग सीरिंग नाम्गयाल को मैदान में उतारा है। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग सीट पर भी चुनाव हो रहा है।


इन सीटों पर पिछली लोकसभा का गणित


कुल सीट 51
भाजपा 39
तृणमूल कांग्रेस 7
कांग्रेस 2


पांचवें चरण के बाद इतनी सीटों पर बाकी रहेगा मतदान
उत्तर प्रदेश 27
प. बंगाल 17
बिहार 16
मध्य प्रदेश 16
पंजाब 13
हरियाणा 10
झारखंड 07
दिल्ली 07
हिमाचल 04
चंडीगढ़ 01