त्वचा और बालों को रखना है सेहतमंद तो डाइट में शामिल करें ये खास चीजें

खानपान में सुधार करने के लिए आप प्राय: हरी सब्जियों, दालों और अन्य पोषणयुक्त चीजों का सेवन करते होंगे। लेकिन अगर आप अपने आहार में अखरोट-बादाम जैसी चीजें भी शामिल कर लेंगे, तो यह और फायेदमंद होगा.. और ये हम नहीं विशेषज्ञ कहते हैं।


पर्व-त्योहार के मौकों पर अखरोट-बादाम समेत तमाम मेवों को उपहार के रूप में देने का हमारे यहां पुराना चलन रहा है। धीरे-धीरे, इसमें बीजों ने भी जगह बना ली है। विशेषज्ञों का कहना है कि ये मेवे और बीज न केवल स्वाद में अच्छे होते हैं बल्कि ये स्वास्थ्य के लिए भी खासे लाभदायक होते हैं।


फिटनेस और न्यूट्रिशन विशेषज्ञ डॉ. सिद्धांत भार्गव का कहना है, 'मेवों का नियमित सेवन रक्त में खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करता है। इससे वजन नहीं बढ़ता। बीज फाइबर के अच्छे स्रोत हैं। इनमें स्वस्थ एकल असंतृप्त वसा, बहु असंतृप्त वसा और कई महत्वपूर्ण खनिज, विटामिन और एंटीऑक्सिडेंट होते हैं। बीजों का सेवन करना हमारे शरीर के लिए फायदेमंद है। जब बीजों का सेवन स्वस्थ आहार के रूप में किया जाता है, तो वे हमारे ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और रक्तचाप को कम करने में मदद करते हैं।'


आपके आहार में शामिल किए जाने वाले मेवों में अखरोट, बादाम, काजू, मूंगफली, हेजलनट और पिस्ता शामिल हैं। ये पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और उन लाभों से पूर्ण होते हैं, जो आपके स्वास्थ्य के लिए जरूरी होते हैं। इसलिए अपने आहार में चिया बीज, फ्लैक्स बीज, सूरजमुखी के बीज, तरबूज के बीज, तिल के बीज, कद्दू के बीज आदि शामिल करना अच्छा विकल्प है। ये शाकाहारी प्रोटीन के बड़े स्रोत हैं।


वरिष्ठ आहार विशेषज्ञ रोशन कोरे ने बताया कि मेवे एंटीऑक्सिडेंट और पॉलीफेनोल्स से भरपूर होते हैं, जो कोशिकाओं में क्षति और बीमारी के जोखिम को कम करने के लिए खतरनाक मुक्त कणों को बेअसर करने में अहम भूमिका निभाते हैं।


कोरे आगे कहते हैं, 'मेवे और बीज शरीर का वजन कम करने में भी सहायता करते हैं। इतना ही नहीं, इनका सेवन मधुमेह और चयापचय सिंड्रोम के मामलों में भी फायदेमंद साबित होता है, क्योंकि ये ब्लड शुगर और रक्तचाप के स्तर को नियंत्रित कर स्वस्थ स्तर पर लाने में भी कारगर हैं।'


स्वस्थ व्यंजन
आहार विशेषज्ञ, नमामी अग्रवाल कहती हैं, 'कुरकुरे मेवों (नट्स) के कई लाभ हैं। भूख को शांत करने और आवश्यक विटामिन और खनिज प्रदान करने के साथ ही ये मेवे किसी जादू से कम नहीं हैं। सही मात्रा में मेवों का सेवन करने से बाल स्वस्थ रहते हैं और त्वचा में प्राकृतिक चमक बरकरार रहती है।' यहां कुछ सरल तरीके दिए गए हैं, जिनकी मदद से अपने नियमित आहार में मेवों को शामिल किया जा सकता है-


नटी स्मूदी : अपने पसंदीदा फलों या सब्जियों जैसे पालक, केल, हरा सेब, कीवी या स्ट्रॉबेरी को एक ब्लेंडर में डालें। मुट्ठी भर मेवे भी उसमें मिलाएं और मिश्रण को ब्लेंड कर लें।
ओटमील : इसे मेवों और बीजों के साथ मिलाकर बनाया जा सकता है। यह एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर है और हृदय के स्वास्थ्य के लिए अच्छा है।
नटी बार : इस स्नैक्स का दिन में किसी भी समय आनंद लिया जा सकता है। यह विभिन्न स्वादों में बाजार में उपलब्ध है। ये बार अत्यधिक पौष्टिक और स्वादिष्ट होते हैं। आप इन्हें आसानी से घर पर भी बना सकते हैं।
ट्रेल मिक्स : अपने पसंदीदा मेवों और बीजों को एक गहरे, गर्म पैन में डालें और तब तक भूनेंं, जब तक उनसे सुगंध न आ जाए।
अंजलि शेट्टी


स्वस्थ बालों के लिए
मूंगफली : यह बायोटिन का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। यह न केवल बालों के विकास को गति देता है, बल्कि उन्हें झड़ने से भी रोकता है।
बादाम : यह रूसी को कम करता है और बालों को नुकसान से बचाता है। यह बालों के रोमकूप को पर्याप्त पोषण देता है जो बालों के स्ट्रैंड को मजबूत बनाते हैं। इस प्रकार, इसके सेवन से बालों का गिरना कम होता है।
चिया बीज : यह फास्फोरस से भरपूर होता है, जो बालों के विकास को प्रोत्साहित करने के लिए एक महत्वपूर्ण घटक है।
अखरोट : इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड काफी होता है, जो बालों के लिए एक अहम पोषक तत्व है। यह बायोटिन और विटामिन ई से भी भरपूर होता है, जो आपकी कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद करते हैं।
सौमिता विश्वास, पोषण विशेषज्ञ


स्वस्थ त्वचा के लिए
बादाम का फेस मास्क : एक चम्मच बादाम का तेल, एक चम्मच जैतून का तेल, थोड़ा शहद, थोड़ा नीबू का रस और एक चम्मच दही को एक साथ मिलाएं। सभी चीजें मिलाकर 15 से 20 मिनट के लिए अपनी त्वचा पर लगाएं और फिर इसे धो लें।
अखरोट और खुबानी स्क्रब : थोड़ा अखरोट और खुबानी पाउडर लें। इसे त्वचा पर लगाएं और दो से तीन मिनट तक मालिश करें। इसे अगले तीन मिनट के लिए छोड़ दें और फिर इसे धो लें।