अयोध्या में केवल और केवल जय श्रीराम होगा : योगी आदित्यनाथ

योगी आदित्यनाथ ने झारखंड में अपना संबोधन देते हुए अयोध्या मामले और भगवान राम का भी जिक्र किया। उन्होंने झारखंड के लोगों को अयोध्या आने का भी न्योता दिया।


लखनऊ
यूपी के मुख्यमंत्री योगी ने आदित्यनाथ ने कहा है कि धैर्य और मर्यादा के साथ जिस लड़ाई को लड़ा जाता है उसका परिणाम सुखद होता है। उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, कृष्ण की जन्मभूमि है, देवाधि-देव महादेव की भूमि है। सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के निर्माण लंबित मामले का समाधान कर दिया। अयोध्या में केवल और केवल जय श्रीराम होगा।


  सीएम बुधवार को झारखंड के गढ़वा व पलामू में भाजपा की चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने भेदभाव रहित, छुआछूत व अस्पृश्यता से मुक्त समाज की स्थापना कर समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का काम हजारों वर्ष पहले किया था। राम जन्मभूमि के समय जो आंदोलन चला था, उसमें भी 'बच्चा-बच्चा राम का, जन्मभूमि के काम का', नारा लेकर निकला था। उस समय का एक-एक बच्चा आज युवा हो चुका होगा। उसे जब हिसाब देना होगा तो वह भी कह सकेगा कि एक ईंट मेरा भी मंदिर निर्माण के लिए गया था। योगी ने कहा कि आज हम भगवान बिरसा मुंडा की धरती पर आए हैं, तो आप सबको आमंत्रण देता हूं कि रघुवर दास के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाइए और अयोध्या में रामलला के दर्शन करने आएं।


कांग्रेस की मदद करने आई बसपा
योगी ने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा और आरजेडी का लोकतंत्र से कोई सरोकार नहीं होता, इनके लिए अपना और अपने लोगों की भलाई ही सर्वोपरि होती है। बसपा यहां कांग्रेस की मदद करने आई है। यह वही कांग्रेस है, वही आरजेडी है, जिसने बाबा साहब का अपमान किया था। कांग्रेस ने बाबा साहब को संसद में जाने से रोकने का प्रयास किया था, हराने का प्रयास किया था। इनके लिए व्यक्ति ही दल है, व्यक्ति ही राज्य है और व्यक्ति ही सत्ता है। इन दलों के लिए सत्ता भ्रष्टाचार और बेईमानी का माध्यम है।