अंतिम चरण में UP की 13 सीटों पर मतदान जारी, गोरखपुर में 9 बजे तक 9.42% हुआ मतदान

अंतिम चरण में UP की 13 सीटों पर मतदान जारी, गोरखपुर में 9 बजे तक 9.42% हुआ मतदान*


लखनऊः लोकसभा चुनावों के अंतिम चरण में उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर मतदान सुबह 7 बजे से जारी है। आखिरी चरण में प्रदेश की वाराणसी, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर और राबर्ट्सगंज लोकसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान करवाए जा रहे हैं। अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गजों का सियासी भविष्य तय होगा।


*- गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने डाला वोट।*
*- कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने किया मतदान।*


सीएम योगी ने किया ट्वीट
मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट कर लिखा कि मा दुर्गा का सप्तम रूप हैं मां कालरात्रि, जिसके बाद मां महागौरी के शुभ्र स्वरूप का दर्शन होता है,लोकतंत्र के महाकुंभ का आज 7वां चरण है और इसके बाद 23 को लोकतंत्र के शुभ्र स्वरूप का दर्शन होगा। श्रेष्ठ और सशक्त भारत के निर्माण लिए मतदान अवश्य करें।


*9 बजे तक का मतदान प्रतिशत:-*


क्रमांक लोकसभा सीट मतदान प्रतिशत
1. वाराणसी 13
2. महराजगंज 8.90
3. गोरखपुर 9.42
4. कुशीनगर 9.08
5. देवरिया 11.1
6. बांसगांव 9.87
7. घोसी 9.21
8. सलेमपुर 9.24
9. बलिया 8.70
10. गाजीपुर 10.78
11. चंदौली 11
12. मिर्जापुर 12.3
13. राबर्ट्सगंज 9.9


 


  बता दें कि, इस चरण में कुल 167 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे ज्यादा 26 प्रत्याशी वाराणसी में ताल ठोंक रहे हैं। इस चरण में 2 करोड़ 32 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतदान के लिए 13979 मतदान केंद्र और 25874 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। 7वें चरण में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा (गाजीपुर), अनुप्रिया पटेल (मिर्जापुर), प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय (चंदौली), पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह (कुशीनगर) जैसी सियासी हस्तियों का भाग्य तय होगा। सबकी निगाहें प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय निर्वाचन और उम्मीदवारी वाले क्षेत्र वाराणसी पर लगी हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी के पक्ष में चली लहर का केंद्र बने मोदी ने करीब 3 लाख 72 हजार मतों से यह सीट जीती थी। इस बार भी उनकी जीत सुनिश्चित मान रही बीजेपी के सामने मोदी को पिछली दफा पिछली दफा के मुकाबले अधिक मतों से जिताने की चुनौती है।