किसानों की कर्ज माफी पर झूठ बोल रही है मध्य प्रदेश सरकार

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में किसानों की कर्ज माफी कांग्रेस सरकार का झूठ है, जबतक बैंक कर्जमाफी का प्रमाण पत्र नहीं भेजते हैं तबतक कर्ज माफी नहीं मानी जाएगी।


भोपाल। भारतीय जनता पार्टी नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि उनके भाई ने कर्ज माफी के लिए आवेदन ही नहीं भरा था, फिर मुख्यमंत्री कमलनाथ उनपर इतनी कृपा क्यों कर रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में किसानों की कर्ज माफी कांग्रेस सरकार का झूठ है, जबतक बैंक कर्जमाफी का प्रमाण पत्र नहीं भेजते हैं तबतक कर्ज माफी नहीं मानी जाएगी।


शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एक लिस्ट दिखा रहे थे जिसमें दावा किया जा रहा था कि मेरे भाई (शिवराज सिंह चौहान के भाई) रोहित चौहान का कर्ज माफ किया गया है, उन्होंने कहा कि जब हकीकत सामने आई तो पता चला की मेरे भाई ने कर्ज माफी के लिए आवेदन ही नहीं किया था।



 गौरतलब है कि मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार दावा कर रही है कि राज्य के 21 लाख किसानों की कर्ज माफी हुई है। राज्य सरकार ने दावा किया था कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भाई रोहित चौहान का भी कर्ज माफ हुआ है। लेकिन शिवराज सिंह चौहान ने इसे गलत बताया है।