आज से मुंगराबादशाहपुर, प्रतापगढ़ होकर दिल्ली जाएगी वाराणसी-दिल्ली स्कैनिया बस सेवा,कम समय में दिल्ली पहुंचने की कवायद
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की तर्ज पर रोडवेज प्रशासन ने स्कैनिया सेवा चलाने का फैसला किया है। ...
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की तर्ज पर रोडवेज प्रशासन ने स्कैनिया सेवा चलाने का फैसला किया है। नई सेवा चौधरी चरण सिंह कैंट बस डिपो से शुक्रवार को अपने निर्धारित समय दोपहर 11.45 बजे चलकर वाया लखनऊ व आगरा एक्सप्रेस वे होते हुए देर रात तीन से चार बजे के बीच नई दिल्ली पहुंचेगी। रोडवेज अफसरों ने इलाहाबाद-कानपुर होकर दिल्ली जाने वाली बस को ही रूट बदलकर वाया लखनऊ चलाने का फैसला किया है।
नई सेवा वाया इलाहाबाद होकर लगने वाले 18 घंटे की जगह मात्र 14 घंटे में आनंद विहार पहुंचेगी। इसके अलावा वंदे भारत एक्सप्रेस जहां इलाहाबाद व कानपुर होकर जाती है वहीं नई बस सेवा से जौनपुर, प्रतापगढ़ और लखनऊ के लोगों को नई सेवा का लाभ मिलेगा। इस सेवा कि किराया सूची पर मंथन चल रहा है। हालांकि वाराणसी से आनंद विहार के बीच का किराया 1800-1900 रहने की उम्मीद है।
ये होंगे स्टापेज
वाराणसी
जौनपुर
मछलीशहर
बादशाहपुर
लालगंज
रायबरेली
लखनऊ आलमबाग
कन्नौज तिरवा कट
सैफई कट
कुबेरपुर
आनंद विहार
कम यात्रियों के कारण बदला रूट
रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक अब तक वाराणसी से इलाहाबाद-कानपुर होकर दिल्ली जा रही बस में यात्रियों की संख्या काफी कम थी। वहीं लखनऊ रूट यात्रियों की संख्या ठीक होने से राजस्व संतोषजनक रहता है।
नई सेवा यात्रियों की सुविधा को देखते हुए शुरू करने का निर्णय लिया गया है, जल्द संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
-केके शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीएसआरटीसी, वाराणसी परिक्षेत्र