यूपी में त्रिकोणीय मुकाबला- कांग्रेस, भाजपा और सपा-बसपा गठबंधन के संघर्ष की सजने लगी बिसात

यूपी में त्रिकोणीय मुकाबला- कांग्रेस, भाजपा और सपा-बसपा गठबंधन के संघर्ष की सजने लगी बिसात


लखनऊ,अरुण कुमार सिंह- लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजने के साथ ही सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर ली है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी जहां अपने पुराने सहयोगी दलों के साथ एक बार फिर चुनावी किला फतह करने की रणनीति के साथ मैदान में है, वहीं उपचुनाव में गोरखपुर, फूलपुर और कैराना लोकसभा सीट जीत कर समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी राष्ट्रीय लोकदल के साथ आम चुनाव में नतीजे दोहराने की तैयारी कर रहे हैं। गठबंधन से बाहर रहने के बावजूद कांग्रेस प्रियंका गांधी के करिश्मे के साथ बाजी मारने की तैयारी में है। 


नए साल के पहले ही दिन से चुनाव तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी हर बूथ पर पूरा जोर लगाए हुए है। पार्टी ने अपनी पूरी तैयारी बूथ को केन्द्र मानकर शुरू की और अपना हर कार्यक्रम बूथ को मजबूत करने से लेकर अपना मत प्रतिशत बढ़ाने तक पर के्द्रिरत रखा है। प्रदेश में 74 प्लस सीटें हासिल करने का लक्ष्य रखकर भाजपा काम करती रही है।